मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के पद पर तैनात सहायक अध्यापक जाकिर हुसैन का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से अत्यधिक कार्यभार और उच्च अधिकारियों के दबाव के कारण तनाव में थे। जाकिर हुसैन नवाबपुरा बालक प्राथमिक विद्यालय (कक्ष संख्या-2) में कार्यरत थे और विधानसभा-27 मुरादाबाद ग्रामीण के भाग संख्या-310 में बीएलओ की सेवाएं दे रहे थे। शनिवार देर रात घर पर सरकारी कार्य निपटाते समय अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। परिवार के अनुसार जाकिर हुसैन अपने पीछे तीन बेटियां छोड़ गए हैं। बड़ी बेटी की शादी 28 मार्च 2026 को होने वाली थी, लेकिन घर के एकमात्र कमाने वाले के चले जाने से परिवार अब आर्थिक संकट में है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से न्याय और आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। मृतक की पत्नी ने मांग की है कि ड्यूटी के दौरान हुई मृत्यु को देखते हुए भारत सरकार और राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही परिवार की बड़ी बेटी को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी (अनुकंपा नियुक्ति) देने की भी गुहार लगाई गई है। उन्होंने कहा, “मेरे पति अधिकारियों के दबाव और काम के बोझ के कारण कई दिनों से तनाव में थे। अब हमारे घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा है। हम चाहते हैं कि सरकार हमारी बेटियों के भविष्य को देखते हुए मदद करे।”


