Men Cancer Risk Symptoms: आज भी बहुत से लोग मानते हैं कि HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस सिर्फ महिलाओं से जुड़ी समस्या है, क्योंकि इसका नाम अक्सर सर्वाइकल कैंसर के साथ लिया जाता है। लेकिन सच्चाई इससे कहीं बड़ी है। HPV सिर्फ महिलाओं को ही नहीं, पुरुषों को भी प्रभावित करता है, और कई गंभीर कैंसर का कारण बन सकता है।
HPV सिर्फ महिलाओं की नहीं, पुरुषों की भी समस्या
HPV एक बहुत आम वायरस है, जो ज्यादातर लोगों को जिंदगी में कभी-न-कभी संक्रमित कर सकता है। यह संक्रमण कई सालों तक बिना किसी लक्षण के शरीर में रह सकता है, इसलिए लोगों को पता भी नहीं चलता कि वे संक्रमित हैं। पुरुषों में यह वायरस गले (टॉन्सिल), गुदा और पेनाइल कैंसर से जुड़ा पाया गया है। खास बात यह है कि कई पुरुष जिन्हें गले का कैंसर होता है, वे न तो स्मोकिंग करते हैं और न ही ज्यादा शराब पीते हैं, जो पहले इसके मुख्य कारण माने जाते थे। ऐसे मामलों में HPV ही सबसे बड़ा कारण निकलता है।
गले का कैंसर क्यों बढ़ रहा है?
HPV से जुड़ा टॉन्सिल या ओरल कैंसर पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है। लेकिन इसकी पहचान अक्सर देर से होती है। क्योंकि इसके लक्षण शुरू में मामूली लगते हैं, जैसे गर्दन में गांठ, निगलने में दिक्कत, गले में लगातार दर्द लोग इन्हें सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी बढ़ जाती है।
जागरूकता की कमी सबसे बड़ी समस्या
समाज में सेक्सुअल हेल्थ पर खुलकर बात नहीं होती। पुरुषों में HPV और उससे जुड़े कैंसर के बारे में जागरूकता बहुत कम है। नतीजा यह होता है कि लोग समय पर जांच नहीं करवाते। शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। बचाव के उपाय नहीं अपनाते, यही वजह है कि कई मामलों में बीमारी गंभीर होने के बाद पता चलती है।
वैक्सीन से मिल सकती है सुरक्षा
अच्छी खबर यह है कि HPV से बचाव संभव है। HPV वैक्सीन उन वायरस स्ट्रेन से सुरक्षा देती है, जो ज्यादातर कैंसर का कारण बनते हैं। सबसे ज्यादा फायदा तब होता है जब वैक्सीन संक्रमण से पहले लगाई जाए। इसलिए अब विशेषज्ञ सिर्फ लड़कियों ही नहीं, बल्कि लड़कों के लिए भी HPV वैक्सीन की सलाह देते हैं।
महिलाओं की बीमारी समझना बड़ी गलती
HPV को सिर्फ महिलाओं की बीमारी समझना बड़ी गलती है। यह एक ऐसा वायरस है जो किसी को भी प्रभावित कर सकता है।अगर सही जानकारी, समय पर वैक्सीनेशन और शुरुआती लक्षणों पर ध्यान दिया जाए, तो HPV से जुड़े कई कैंसर रोके जा सकते हैं।


