सहारनपुर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी:स्टेयरिंग फेल होने से एक की मौत, नौ घायल

सहारनपुर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी:स्टेयरिंग फेल होने से एक की मौत, नौ घायल

सहारनपुर में शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक समेत कुल 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य नौ घायलों का इलाज जारी है। ये हादसा थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मल्हीपुर के पास महामृत्युंज्य मंदिर के सामने हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार, कैराना से मजदूरों का एक समूह ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सहारनपुर स्थित अमरूद के एक बाग में तारबंदी का काम करने जा रहा था। ट्रैक्टर को कैराना निवासी यामीन चला रहा था और ट्रॉली में करीब नौ मजदूर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे पर तेज रफ्तार में चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही सोराना गांव के पास पहुंची, अचानक ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रॉली पलट गई। हादसे में चालक यामीन सहित ट्रॉली में सवार सभी मजदूर घायल हो गए। ट्रॉली पलटते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे मजदूर और राहगीर मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। घायलों में संदीप, नंदलाल पुत्र दुर्गा प्रसाद, राम मनोहर पुत्र दुर्गा प्रसाद, धर्मराज पुत्र राजकुमार, गोलू पुत्र हंसराज, राम अभिलाष पुत्र दुर्गा प्रसाद और अरविंद पुत्र ओम प्रकाश शामिल हैं। ये सभी रायबरेली के थाना नसीराबाद क्षेत्र के गांव ओलिपुर के निवासी बताए गए हैं। वहीं, विजय पुत्र शोभनाथ अमेठी का रहने वाला है। हादसे में रायबरेली के रहने वाले बॉबी देओल की मौत हो गई। घायल राम अभिलाष ने बताया कि वे कैराना में एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करने आए थे, लेकिन काम न होने के चलते वे मजदूरी के लिए निकले थे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *