Rajasthan: ढाई साल पहले जिस मदरसे के पास हुआ था धमाका, वहीं से 51 किलो विस्फोटक बरामद, लोगों में दहशत

Rajasthan: ढाई साल पहले जिस मदरसे के पास हुआ था धमाका, वहीं से 51 किलो विस्फोटक बरामद, लोगों में दहशत

झुंझुनूं। ढाई साल पहले 12 जुलाई 2023 को उदयपुरवाटी कस्बे के मदरसे के पास हुआ बारूद धमाका आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। अब उसी क्षेत्र में 51 किलो अवैध विस्फोटक सामग्री मिलने से पुरानी दहशत फिर ताजा हो उठी है। लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतने बड़े हादसे के बाद भी अवैध बारूद का खेल कैसे जारी है?

होली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई

होली पर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना उदयपुरवाटी ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर साजिद अली पुत्र गुलाब भड़भूज्या निवासी उदयपुरवाटी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 51 किलोग्राम अवैध विस्फोटक सामग्री और तैयार सुतली बम बरामद हुए।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध 12 जुलाई 2023 को भी इसी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।

बिना लाइसेंस विस्फोटक का भंडारण और बिक्री

आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के विस्फोटक सामग्री का संग्रहण और विक्रय कर रहा था। मकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में बारूद और तैयार पटाखे जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस बात की गहन जांच में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यदि सप्लाई नेटवर्क का खुलासा होता है तो और गिरफ्तारियां संभव हैं।

लोगों में फिर जागी चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि 2023 का धमाका उन्होंने अपनी आंखों से देखा था। उस दिन का मंजर आज भी रूह कंपा देता है। बच्चों और बुजुर्गों में दहशत फैल गई थी। अब उसी इलाके में फिर इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर अवैध भंडारण पर पूरी तरह रोक क्यों नहीं लग पा रही।

300 मीटर दूर गिरा था पैर

उस भीषण विस्फोट ने न केवल एक मकान की छत उड़ा दी थी, बल्कि एक परिवार की दुनिया भी उजाड़ दी थी। हादसे में अफरीन नामक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसका एक पैर करीब तीन सौ मीटर दूर जाकर मिला, जबकि हाथ का सुराग तक नहीं लग पाया था। उस दिन की गूंज से पूरा इलाका सहम गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *