Urban Mobility: जयपुर. शहर की बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को देखते हुए तैयार किए जा रहे कॉम्प्रीहेंसिव मोबिलिटी प्लान (CMP) के ड्राफ्ट पर सुझाव देने की अवधि अब और बढ़ा दी गई है। जयपुर विकास प्राधिकरण ने नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुझाव एवं अभिमत भेजने की अंतिम तिथि में 7 दिन का विस्तार किया है। अब इच्छुक नागरिक, विशेषज्ञ और संस्थान 6 मार्च 2026, शाम 6 बजे तक अपने सुझाव भेज सकेंगे।
यह योजना जयपुर की आने वाली दशकों की परिवहन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है। CMP के तहत शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने, मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन विकसित करने, ट्रैफिक जाम कम करने, पार्किंग प्रबंधन सुधारने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही गैर-मोटर चालित परिवहन जैसे साइकिल ट्रैक और पैदल पथ को भी बढ़ावा देने की रणनीति शामिल है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
जेडीए ने ड्राफ्ट दस्तावेज को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिया है। शहरी योजनाकार, यातायात विशेषज्ञ, शिक्षण संस्थान, विभाग और आम नागरिक ईमेल के माध्यम से अपने सुझाव भेज सकते हैं। प्राधिकरण का मानना है कि जनभागीदारी से तैयार यह योजना शहर के विकास को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाएगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहल जयपुर को भविष्य में स्मार्ट, व्यवस्थित और टिकाऊ परिवहन मॉडल की ओर ले जाने में अहम साबित होगी।


