राज्यपाल आनंदीबेन पटेल गुरुवार को सोनभद्र जिले का दौरा करेंगी। वे पुलिस लाइन चुर्क हेलीपैड पर दोपहर 12.15 बजे पहुंचेंगी। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी, जिनमें सरदार वल्लभ भाई पटेल वाटिका का लोकार्पण, वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर का उद्घाटन और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण शामिल है। राज्यपाल कलेक्ट्रेट भवन में सरदार वल्लभ भाई पटेल वाटिका का लोकार्पण करेंगी और वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर का शुभारंभ करेंगी। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगी। समीक्षा बैठक के उपरांत, राज्यपाल जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर जाएंगी। यहां वे विभिन्न विभागों की योजनाओं पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी और एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम में भाग लेंगी। अपने दौरे के दौरान, राज्यपाल आदिवासियों को पट्टा वितरण करेंगी। वे आंगनवाड़ी किट और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगी। पंचायत रिसोर्स सेंटर में एक विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रॉबर्ट्स्सगंज की 100 छात्राओं को एचपीवी का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस कार्यक्रम के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी केंद्र पर जिले के क्षय रोगियों को पोषण किट पोटली वितरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पांच लोगों को आयुष्मान कार्ड भी दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया है। इसके बाद वह शाम करीब 4:30 बजे वापस वाराणसी के लिऐ रवाना हो जाएगी


