Madan Dilawar : पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने तंज कसते हुए कहा कि विलायती बबूल को कांग्रेस लाई थी, इसलिए इसे ‘कांग्रेसी बबूल’ भी कहते हैं। इसका नाम ‘जूली फ्लोरा’ भी है। पंचायती राज विभाग किसी कीमत पर ‘कांग्रेस बबूल’ को राजस्थान की धरती पर नहीं रहने देगा।
भाजपा के लादूलाल पितलिया ने विधानसभा में शून्यकाल के दौरान बुधवार को विलायती बबूल की समस्या का मामला उठाया। मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि विलायती बबूल रोज 30 लीटर पानी सोखता है, जिसके कारण से भू-जल स्तर नीचे जा रहा है। इसकी वजह से 500 वनस्पतियां विलुप्त हो गई हैं। यह बहुत ही खतरनाक और सबके लिए नुकसानदेह है।
प्रदेशभर की चरागाह जमीन पर हो गया कब्जा
मदन दिलावर ने कहाकि 1960 के दशक में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हवाई जहाज व हेलीकॉप्टर से इसके बीज बरसाए थे, इस कारण सब जगह उग गए। प्रदेशभर की चरागाह जमीन पर इसका कब्जा हो गया।
मदन दिलावर की घोषणा
मदन दिलावर ने कहाकि पंचायत राज विभाग इस बारे में योजना बना रहा है, इसे पूरी तरह समाप्त करेंगे। ‘कांग्रेसी बबूल’ को किसी कीमत पर राजस्थान की धरती पर नहीं रहने देंगे।


