मारपीट मामले में चार आरोपी अभी भी फरार:छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने से मना करने पर भाई को पीटा था

मारपीट मामले में चार आरोपी अभी भी फरार:छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने से मना करने पर भाई को पीटा था

गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र में सेहरिया चौराहा स्थित केजीएन पब्लिक स्कूल में 15 फरवरी को एक छात्रा के भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इस संबंध में कक्षा नौवीं की छात्रा के भाई ने कौड़िया थाने में 8 नामजद औऱ एक अज्ञात आरोपी पर मारपीट और पोक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के 11 दिन बाद भी मामले के पांच आरोपी जकीरे, साजिद, अरशद, इमरान और एक अन्य अज्ञात पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार चल रहे इन आरोपियों को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भी अभी तक कौड़िया थाने की पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में काफी नाराजगी है। फरार आरोपियों के डर से छात्रा विद्यालय नहीं जा रही है। गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कौड़िया थाने की पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए हैं और फटकार भी लगाई है। छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने से रोकने पर कुछ लोगों ने उसके भाई के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी परवेज खान छात्रा को इंस्टाग्राम पर लगातार अश्लील मैसेज भेज रहा था और रास्ते में उसकी साइकिल रोककर गलत टिप्पणी करता था। 15 फरवरी को छात्रा के भाई ने विद्यालय पहुंचकर इस हरकत का विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। कौड़िया पुलिस ने 16 फरवरी को मुख्य आरोपी परवेज, वारिस खान, सलाउद्दीन हाफिज और इसराइल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, चार अन्य आरोपी और एक अज्ञात व्यक्ति अभी भी फरार हैं। कौड़िया थाना अध्यक्ष तेज प्रताप ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित छात्रा और उसके भाई के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *