ब्यावर के बलाड रोड स्थित परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पर एक एकदिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एमएसएमई विकास कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय और जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ब्यावर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य कारीगरों और सूक्ष्म उद्यमियों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक राजेश कुमार परमार ने की। मुख्य पोस्ट मास्टर, ब्यावर अजय कुमार इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। तकनीकी सत्र में जिला उद्योग केंद्र ब्यावर की असिस्टेंट कमिश्नर आर्ची जैन ने राजस्थान सरकार की विभिन्न स्वरोजगार और उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, एमएसएमई विकास कार्यालय के सहायक निदेशक गिरीश कुमार ने एमएसएमई मंत्रालय की योजनाओं, पंजीकरण प्रक्रिया और वित्तीय सहायता संबंधी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक और डाकघर की विभिन्न योजनाओं के साथ क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली की भी जानकारी दी गई। अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश कुमार परमार ने डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। इस अवसर पर गिरिराज कुमार, हेमंत कुमार, पन्नाधाय सिक्योरिटी सर्विसेज के प्रतिनिधि, बलवंत भाटी, अर्यमा सेवा समिति के पदाधिकारी और वार्ड पार्षद बबलू चौहान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एमएसएमई विकास कार्यालय जयपुर के अविनाश टेलर ने किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में सहायता करते हैं।


