देवास पुलिस ने अवैध हथियार रखने के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अंकित सांवलिया को 24 फरवरी 2026 को घेराबंदी कर पकड़ा गया। वह 18 फरवरी को मधुमिलन चौराहा क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान अपने दो साथियों के साथ पकड़ा गया था, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र को इस संबंध में कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। घटना 18 फरवरी 2026 की है, जब मधुमिलन चौराहा क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक MP-09-ZJ-9148 पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया था। तलाशी के दौरान शिवम और मोनू नामक दो आरोपियों के पास से अवैध चाकू बरामद हुए थे, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, उनका तीसरा साथी अंकित पिता जितेंद्र सांवलिया (उम्र 21 वर्ष, निवासी चंद्रशेखर आजाद नगर मल्टी) अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया था। थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने 24 फरवरी 2026 को घेराबंदी कर आरोपी अंकित को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना के समय पुलिस से बचने के लिए उसने अपने पास रखा अवैध धारदार चाकू सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर उक्त अवैध हथियार बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। अंकित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 145/2026 धारा 25 आयुध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जिसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा।


