भारतीय किसान संघ (बीकेएस) के कार्यकर्ताओं ने बागपत कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बिजनौर जिले में किसानों ओर ग्रामीणों पर कथित अत्याचार और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में था। संघ ने बिजनौर प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संघ के अनुसार, बिजनौर में निर्माणाधीन मेरठ-पौड़ी हाईवे पर बैराज के पास हेमराज कॉलोनी चौराहे पर ग्रामवासी पिछले नौ महीने से अंडरपास की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। यह धरना भारतीय किसान संघ के बैनर तले चल रहा था और उनकी मांग को जायज बताया गया। आरोप है कि अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बावजूद, एनएचएआई अधिकारियों और बिजनौर जिला प्रशासन ने कुछ राजनीतिक लोगों और भू-माफिया के फायदे के लिए मिलीभगत कर शांतिपूर्ण धरने को अमर्यादित तरीके से हटा दिया। इसके बाद कई थानों की पुलिस फोर्स लगाकर ग्रामवासियों को रात भर नजरबंद रखा गया। अब जानकारी मिली है कि हेमराज कॉलोनी के निवासियों और किसानों के खिलाफ शासन स्तर पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। भारतीय किसान संघ, जनपद बिजनौर मेरठ प्रांत, ने इसे निंदनीय बताया है और इसका कड़ा विरोध किया है। भारतीय किसान संघ, जनपद बिजनौर मेरठ प्रांत, ने मांग की है कि इसमें दोषी जिला प्रशासन अधिकारियों और एनएचएआई अधिकारियों को तुरंत हटाया जाए। साथ ही, हेमराज कॉलोनी के निवासियों और किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि बिजनौर जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की आवाज दबाने का प्रयास किया और मांगें पूरी नहीं कीं, तो मेरठ प्रांत बिजनौर में एक बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी बिजनौर जिला प्रशासन की होगी।


