आस्था की राह पर निकली तमन्ना मलिक पर सोशल मीडिया का हमला, फर्जी अकाउंट्स ने बढ़ाई मुश्किल

आस्था की राह पर निकली तमन्ना मलिक पर सोशल मीडिया का हमला, फर्जी अकाउंट्स ने बढ़ाई मुश्किल

Tammanna Malik Fake Accounts: फाल्गुन कांवड़ यात्रा के दौरान बुर्के में कांवड़ उठाकर देशभर में चर्चा का विषय बनी मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी एक बार फिर मुश्किलों में घिर गए हैं। इस बार मामला सोशल मीडिया पर उनकी पहचान चोरी से जुड़ा है। फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कुछ लोगों ने उनके नाम और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करते हुए कई फर्जी अकाउंट बना लिए हैं। इन अकाउंट्स से तमन्ना और अमन के वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।

धमकियों से पहले ही दहशत में थे दंपति

तमन्ना मलिक और अमन त्यागी को इससे पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इस संबंध में दोनों ने असमोली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस जांच कर रही है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते दंपति पहले से ही मानसिक तनाव में थे और अब सोशल मीडिया पर हो रही इस फर्जीवाड़े ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।

प्रेम विवाह से शुरू हुआ संघर्ष

असमोली क्षेत्र के बदनपुर वसई गांव निवासी अमन त्यागी और मुस्लिम युवती तमन्ना मलिक ने करीब साढ़े तीन साल पहले कोर्ट मैरिज के जरिए प्रेम विवाह किया था। इस रिश्ते का गांव में कड़ा विरोध हुआ, जिसके चलते दोनों को करीब एक साल तक गांव छोड़कर बाहर रहना पड़ा। बाद में मामला शांत हुआ तो वे वापस गांव लौटे और सामान्य जीवन जीने लगे।

नाम बदला, परिवार बसाया

गांव लौटने के बाद तमन्ना मलिक ने अपना नाम तुलसी रख लिया। दोनों के दो बेटे हैं, दो वर्षीय आर्यन और एक वर्षीय दक्ष। परिवार बसने के बाद तमन्ना ने अपने जीवन को नए सिरे से आगे बढ़ाया और धार्मिक आस्था के साथ पति के साथ खड़ी रहीं।

मन्नत पूरी होने पर उठाई कांवड़

बताया गया कि बच्चों की मुराद पूरी होने पर तमन्ना ने फाल्गुन कांवड़ यात्रा में भाग लेने का संकल्प लिया। 10 फरवरी को वह पति अमन त्यागी के साथ हरिद्वार पहुंचीं और 11 फरवरी को गंगा में स्नान कर ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ कंधे पर कांवड़ उठाई। बुर्के में कांवड़ उठाती महिला की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और देखते ही देखते तमन्ना पूरे देश में चर्चा का विषय बन गईं।

समर्थन और विरोध

तमन्ना मलिक के इस कदम को लेकर समाज में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां एक ओर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने आलोचना की, वहीं दूसरी ओर हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने उनकी सुरक्षा का जिम्मा उठाया। 15 फरवरी को वह सुरक्षा घेरे में संभल स्थित शिवालय क्षेमनार्थ पहुंचीं और जलाभिषेक किया।

धमकियों के बाद अब पहचान चोरी

कांवड़ यात्रा के बाद तमन्ना को लगातार धमकियां मिलने लगीं, जिससे मामला थाने तक पहुंचा। अब नई परेशानी के रूप में सोशल मीडिया पर उनके नाम और तस्वीरों से फर्जी अकाउंट बनाए जा रहे हैं। अमन त्यागी के मुताबिक, अब तक 5 से 7 फर्जी अकाउंट सामने आ चुके हैं, जो उनके वीडियो और फोटो डालकर फॉलोअर्स बढ़ाने और इंटरनेट मीडिया से कमाई करने की कोशिश कर रहे हैं।

असली अकाउंट से कर रहे अपील

अमन त्यागी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के बाद उन्होंने और तमन्ना ने अपना आधिकारिक अकाउंट बनाया है, ताकि लोग असली और फर्जी अकाउंट में फर्क कर सकें। इस अकाउंट पर करीब 13,900 फॉलोअर्स हैं। दंपति ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी फर्जी अकाउंट को फॉलो न करें और केवल आधिकारिक अकाउंट पर भरोसा करें।

पुलिस कार्रवाई की तैयारी

इस पूरे मामले पर असमोली क्षेत्र के सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल फर्जी अकाउंट को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पहले से दर्ज धमकी के मामले में जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पहचान चोरी और फर्जी अकाउंट को लेकर कोई लिखित शिकायत मिलेगी, पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *