सोनीपत में घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला:प्लॉट कब्जाने की धमकी; नगदी और सोने की बाली छीनने का आरोप, पांच नामजद पर केस दर्ज

सोनीपत में घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला:प्लॉट कब्जाने की धमकी; नगदी और सोने की बाली छीनने का आरोप, पांच नामजद पर केस दर्ज

सोनीपत जिले में आपसी रंजिश के चलते एक दंपती पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने, नगदी व मोबाइल छीनने और सोने की बाली लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने न सिर्फ उसे और उसके पति को बेरहमी से पीटा, बल्कि 100 वर्गगज के प्लॉट पर कब्जा करने और होली तक जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय थाना में सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सुबह घर में घुसकर किया हमला
गन्नौर के गांव बड़ी की रहने वाली प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि कि संजू, उसकी पत्नी अर्चना, गौरख, रिया व छोटी पुत्रीयान संजू सभी निवासी नजदीक काली माता मंदिर, गांव बड़ी ने आपसी साजिश के तहत उनके घर में जबरन प्रवेश किया।
प्रियंका के अनुसार संजू उसके पति की बुआ का लड़का है। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे और उसके पति को लात-घूंसों, मुक्कों और डंडों से बुरी तरह पीटा। उसके पति की दाहिनी आंख पर घूंसे मारे गए, जिससे गंभीर चोट आई।
नगदी, मोबाइल और सोने की बाली छीनने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने 7 हजार रुपये नकद और तीन टच मोबाइल फोन जबरदस्ती छीन लिए। साथ ही रिया ने उसके बाएं कान से सोने की बाली निकाल ली। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि होली तक उन्हें जान से मार देंगे और उनका 100 वर्गगज का प्लॉट छीन लेंगे।
प्रियंका ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं।7 साल का बेटा और 5 साल की बेटी। घटना के समय बच्चों में भी दहशत का माहौल बन गया।
सरकारी अस्पताल से पीजीआई खानपुर रेफर
हमले के बाद दंपती किसी तरह मौके से जान बचाकर निकले और सरकारी अस्पताल गन्नौर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल जांच में पति की पसली में फ्रैक्चर पाया गया। पीड़िता ने मेडिकल रिपोर्ट की प्रति भी शिकायत के साथ संलग्न की है।
पहले भी हमले का आरोप, जान-माल का खतरा
प्रियंका ने आरोप लगाया कि संजू आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उस पर पहले भी हत्या के मुकदमे चल चुके हैं। उसने दावा किया कि यह तीसरी बार है जब आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला किया है। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके जिम्मेदार यही आरोपी होंगे।
थाना में सुनवाई न होने पर सीपी से शिकायत
पीड़िता के अनुसार वह पहले थाना बडी, गन्नौर भी गई थी, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 11 फरवरी 2026 को उन्होंने पुलिस आयुक्त, सोनीपत को लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 351(3), 333, 190 और 191(3) के तहत थाना एचएसआईआईडीसी बरही में मामला दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *