रांची नगर निगम चुनाव को लेकर शहर के कई वार्डों में मतदान सुस्त रहा। इन केंद्रों में सुबह से दोपहर 11 बजे तक मतदान केंद्रों पर सीमित आवाजाही दिखी, जबकि 11 बजे से 2 बजे के बीच कुछ समय के लिए मतदाताओं की उपस्थिति बढ़ी। इसके बाद फिर से मतदान की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई बूथों पर कतार तक नहीं लगी। कई केंद्रों पर प्रत्याशियों के समर्थक सक्रिय रहे और मतदाताओं को केंद्र तक लाने की कोशिशें भी हुईं, लेकिन इसका असर सीमित रहा। व्यवसायिक क्षेत्र अपर बाजार के प्रमुख बूथ मारवाड़ी वीमेंस कॉलेज, शिवनारायण कन्या पाठशाला और बालकृष्ण स्कूल में सुबह से लेकर दोपहर तीन बजे तक मतदाताओं की मौजूदगी बेहद कम रही। इन इलाकों में मतदान दिवस पर भी बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। इसके विपरीत हिंदपीढ़ी, मधुकम, किशोरगंज और आसपास के इलाकों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो शाम पांच बजे तक बनी रहीं। इन क्षेत्रों में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई बूथों पर मतदान कर्मियों को भीड़ संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
वार्ड-27 : 11 से अधिक बूथों पर वोटरों की रही भीड़
वार्ड 27 के एलपी पब्लिक स्कूल, स्कॉट इंटरनेशनल स्कूल किशोर गंज के करीब 11 से अधिक बूथों पर भारी भीड़ देखी गई। इन बूथों पर सुबह 11 बजे तक करीब 12 से 18 प्रतिशत तक वोटिंग हो चुकी थी।
वार्ड 26 : संत कुलदीप स्कूल में 12 बूथ, पर वोटिंग कम
वार्ड-26 के संत कुलदीप हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर 12 बूथ बनाए गए थे और प्रत्येक बूथ पर वोटरों की संख्या पर्याप्त थी। इसके बावजूद दोपहर तक मतदान प्रतिशत कम ही रहा। वार्ड 23, 24 : हिंदपीढ़ी के बूथों पर उत्साह और लंबी-लंबी कतारें
हिंदपीढ़ी के गुरुनानक स्कूल, इदरसिया हाई स्कूल आदि के वार्ड नंबर- 23, 24 बूथों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें रहीं। दिन के 12 बजे तक हिंदपीढ़ी के कई बूथों पर 25 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। शाम 4 बजे तक मतदाता वोट देने आते रहे।
वार्ड 03 : मतदान केंद्र पर सन्नाटा, बाहर प्रत्याशी समर्थकों की हलचल
वार्ड-3 के रेड क्रॉस मतदान केंद्र पर मतदाताओं से अधिक प्रत्याशियों के समर्थकों की मौजूदगी देखी गई। मतदान केंद्र के भीतर किसी भी बूथ पर कतार नहीं लगी। मतदाता आते गए और बिना प्रतीक्षा के मतदान कर लौटते रहे। सीमित भीड़ ने कम सहभागिता की तस्वीर स्पष्ट की। वार्ड 20 व 21 : मतदाताओं ने नहीं दिखाई वोटिंग को लेकर दिलचस्पी
वार्ड 20, 21 के बूथ शिवनारायण कन्या पाठशाला, विमेंस कॉलेज, बालकृष्ण स्कूल आदि करीब 12 से अधिक बूथों पर वोटरों की भीड़ काफी कम देखी गई। दिन के 12 बजे तक 10 से 12 प्रतिशत ही मतदान हुआ। ये सारे बूथ अपर बाजार के वोटरों के हैं। हिंदपीढ़ी के इदरसिया तंजीम हाई स्कूल में मतदाताओं की भीड़।


