प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित पूरे केशवराव गांव के सिद्धेश्वर नाथ धाम मंदिर से दिनदहाड़े दानपात्र चोरी हो गया। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर को एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में पहुंचा। मौका पाकर उसने वहां रखा दानपात्र उठा लिया और फरार हो गया। घटना के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ नहीं थी। मंदिर प्रबंधन को जब दानपात्र गायब होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दानपात्र ले जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्रीय लोगों में चिंता है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है।


