राजस्थान में यहां 60 बीघा जमीन में 145 करोड़ की लागत से बनेगा पशु चिकित्सा महाविद्यालय, जल्द शुरू होगा निर्माण

राजस्थान में यहां 60 बीघा जमीन में 145 करोड़ की लागत से बनेगा पशु चिकित्सा महाविद्यालय, जल्द शुरू होगा निर्माण

दौसा। विधायक रामबिलास मीणा ने रविवार को लालसोट एवं रामगढ़ पचवारा उपखंड मुख्यालय पर करीब 13 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड एवं स्ट्रीट लाइट कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बजट में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की घोषणा किए जाने पर विधायक का नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।

विधायक रामबिलास मीणा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट रिप्लाई में लालसोट को पशु चिकित्सा महाविद्यालय की बड़ी सौगात दी है। पूर्वी राजस्थान का पहला वेटनरी कॉलेज लालसोट में बनेगा। इसके लिए 60 बीघा भूमि में 145 करोड़ रुपए की लागत से भवन निर्माण किया जाएगा।

तीन माह के अंदर शुरू होगा निर्माण कार्य

रामबिलास ने बताया कि इस महाविद्यालय में लगभग 300 कर्मचारी नियुक्त होंगे। बड़ा पशु चिकित्सालय एवं छात्रावास भी बनेगा, जिससे 500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। साथ ही आसपास के जिलों के पशुपालकों को उन्नत पशु उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह में भवन निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

दौसा-लालसोट हाईवे के लिए 700 करोड़ की घोषणा

विधायक ने कहा कि बजट में दौसा से लालसोट हाईवे निर्माण के लिए 700 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। कांकरिया एनीकट निर्माण से हजारों किसानों को सिंचाई में लाभ मिलेगा। लालसोट शहर के सौंदर्यीकरण के लिए पूर्व बजट में 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे तथा बीते दो वर्षों में अकेले लालसोट नगर पालिका क्षेत्र में करीब 60 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि होली के बाद बायपास पर सीसी रोड निर्माण कार्य तेज गति से पूरा किया जाएगा और यह सड़क आगामी 20 वर्षों तक गड्ढा मुक्त रहेगी।

कार्यक्रम में ये लोग हुए शामिल

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभापति पिंकी चतुर्वेदी ने की। कार्यक्रम को अनिल बैनाड़ा, रूपसिंह, सोनू बिनोरी एवं बजरंगलाल शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर शंभूलाल कुई वाला, बालमुकंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष अनिल बुर्जा, रामसिंह मीणा, बलराम मीणा, पूर्व चेयरमैन जगदीश सैनी, रामचरण बोहरा, कांजी सूरतपुरा, महेंद्र जैन एवं सतेन्द्र सिंह इंदावा सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिनव त्रिपाठी ने किया।

स्ट्रीट लाइटों से जगमग होगा रामगढ़ पचवारा

रामगढ़ पचवारा उपखंड मुख्यालय पर विधायक रामबिलास मीणा ने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें ज्योतिबा फुले सर्किल से पेट्रोल पंप की ओर तूंगा-बस्सी रोड पर दोनों ओर नाला निर्माण, कई वार्डों में सीसी रोड निर्माण, स्कूलों एवं आवासीय कॉलोनियों तक सड़क एवं नाली निर्माण, नगर पालिका क्षेत्र में राज्य राजमार्ग पर एसडीएम कार्यालय से पुलिस स्टेशन तक ऑक्टागोनल पोल पर स्ट्रीट लाइटें लगाने, विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट, टायमर एवं फेजवर्क एसआईटीसी कार्य, लालसोट रोड पर नगर पालिका सीमा पर एंट्री गेट निर्माण तथा खेल मैदान में बाउंड्री वॉल एवं मिट्टी भराव कार्य शामिल हैं।

शिलान्यास कार्यक्रम को उपखंड अधिकारी बीएन मीना, घनश्याम गौड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीफूल मीना, हजारीलाल आभानेरी, ललित गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *