बैतूल में घोड़ाडोंगरी विधानसभा की भाजपा विधायक गंगाबाई उईके के पूर्व प्रतिनिधि विवेक जैन के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। उन पर एक ट्रैक्टर चालक को धमकाने और मारपीट करने का आरोप है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, विवेक जैन नल-जल योजना के काम के दौरान सड़क पर अपनी कार निकाल रहे थे। इसी दौरान उनका ट्रैक्टर चालक विकास कुमरे से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर विवेक जैन ने कथित तौर पर हॉकी से मारपीट की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने देर रात विवेक जैन के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया था। आज मामले में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC-ST एक्ट) की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी आम्रपाली डहाट ने बताया कि घटना के संबंध में विवेक जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। वहीं, विधायक गंगाबाई उईके ने स्पष्ट किया कि विवेक जैन को 27 जनवरी को ही विधायक प्रतिनिधि के पद से मुक्त कर दिया गया था। उन्होंने वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विवेक जैन ने पारिवारिक कारणों से दिया था त्यागपत्र
घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने 27 जनवरी 2026 को कलेक्टर बैतूल को पत्र भेजकर विधायक प्रतिनिधि विवेक जैन निवासी घोड़ाडोंगरी की नियुक्ति निरस्त करने का अनुरोध किया था। पत्र में बताया गया है कि विवेक जैन ने पारिवारिक कारणों एवं अन्य व्यक्तिगत व्यस्तताओं के चलते अपने दायित्वों से त्यागपत्र दिया है। विधायक ने इस आधार पर उनकी नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।


