अलवर जिले में बढ़े 2.37 प्रतिशत मतदाता, अब संख्या हुई 14.96 लाख

अलवर जिले में बढ़े 2.37 प्रतिशत मतदाता, अब संख्या हुई 14.96 लाख

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत अलवर प्रशासन ने मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया। एसआइआर की आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाताओं की संख्या में 2.37 का इजाफा हुआ है। अब जिले में कुल मतदाता 14 लाख 96 हजार 826 हो गए हैं। इनमें 7 लाख 95 हजार 433 पुरुष व 7 लाख 1 हजार 373 महिला मतदाता शामिल हैं। ट्रांसजेंडर्स की संख्या 20 है।

एसआइआर के एक चरण के बाद मतदाताओं की संख्या 14 लाख 62 हजार 203 थी। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर्तिका शुक्ला ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उन्हें मतदाता सूची सौंपी। एसआइआर की पहली मतदाता सूची में करीब 1 लाख लोगों के नाम कट गए थे। उसके बाद आई आपत्तियों से 34623 नाम जोड़े गए। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पात्र नागरिक के मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीना महावर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया था, जिसके अन्तर्गत 4 नवम्बर 2025 से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना चरण के बाद 16 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें अलवर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 14,62,203 थी।

मतदाता सूची में जुड़ते रहेंगे नाम

जिले में 32,373 फॉर्म-6/6ए, 3,321 फॉर्म-7 व 11,953 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने दावे व आपत्तियों के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11 बी में तैयार की और ऐसी सूचियों की एक प्रति उनके कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस को प्रदर्शित की गई। यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन की गई थीं। कलक्टर ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया है, जो जारी है। इसके लिए फॉर्म 6 भरना होगा। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत, आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष जगन्नाथ गोयल, सीपीआइ(एम) के सचिव भोलाराम शर्मा आदि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *