भिवानी-दिल्ली मार्ग पर चलने वाली आंशिक रद्द ट्रेन अब नियमित चलेंगी। किसान एक्सप्रेस 23 फरवरी से 3 मार्च तक तथा 26 फरवरी से अगरतला-फिरोजपुर छावनी ट्रेन दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रद्द की गई थी, लेकिन ये रि-स्टोर रहेंगी। वहीं 25 फरवरी से खाटू श्याम के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। भिवानी से खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए फाल्गुन माह में स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। रेलवे द्वारा सुविधा के लिए हिसार-जयपुर-हिसार अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04721, हिसार-जयपुर अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 25 फरवरी से 28 फरवरी तक (4 ट्रिप) हिसार से 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर 13 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04722, जयपुर-हिसार अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 25 फरवरी से 28 फरवरी तक (4 ट्रिप) जयपुर से 14 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर 22 बजकर 25 मिनट पर हिसार पहुंचेगी। यह रेल मार्ग में सिवानी, सादुलपुर, रामपुरा बेरी, लोहारू, सूरजगढ़, चिडावा, रतन शहर, झुंझुनूं, डूंडलोद मुकुंदगढ़, नवलगढ़, सीकर, पलसाना, रींगस, गोविन्दगढ़ मलिकपुर, चौमू सामोद व ढेहर का बालाजी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसमें 10 साधारण श्रेणी एवं गार्ड श्रेणी के 2 डिब्बों सहित कुल 12 डिब्बे होंगे। किसान एक्सप्रेस नहीं होगी रद्द उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल पर दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा था, जिसे स्थगित कर दिया। इस कार्य के स्थगित होने के कारण प्रभावित रेल यातायात रि-स्टोर रहेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार निम्न प्रभावित रेलसेवाएं रि-स्टोर रहेगी। गाड़ी संख्या 14619, अगरतला-फिरोजपुर छावनी रेलसेवा 26 फरवरी को एक ट्रिप अपने निर्धारित मार्ग व संचालन समय सारणी अनुसार ही संचालित होगी। वहीं रि-स्टोर आंशिक रद्द रेलसेवा में गाड़ी संख्या 14731/32 दिल्ली-बठिंडा-दिल्ली रेलसेवा 23 फरवरी से 3 मार्च तक अपने निर्धारित मार्ग एवं संचालन समय सारणी अनुसार ही संचालित होगी।


