Ramadan 2026 First Jumma Iftar Special: रमजान 2026 का आज पहला जुम्मा है, इसलिए आज की इफ्तारी थोड़ी खास होना तो बनता है। रमजान के दिनों में वैसे तो घरों में समोसे, पकौड़े और फ्रूट चाट जैसी चीजें बनती ही रहती हैं, लेकिन अगर आप आज के इफ्तार के लिए कुछ खास बनाने की सोच रही हैं या इफ्तार पार्टी रख रही हैं, तो हमारी आज की रेसिपी आपके काम आ सकती है। आज के इस स्टोरी में हम सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे लोटस बिस्कॉफ चीजकेक को बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस चीजकेक की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ओवन की जरूरत नहीं पड़ती। यह बिना बेक किए ही तैयार हो जाता है। इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि खाने वाले आपकी तारीफ जरूर करेंगे। साथ ही यह दिखने में भी काफी फैंसी लगता है, जिससे आपकी इफ्तार टेबल और भी सुंदर लगती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
लोटस बिस्कॉफ चीजकेक बनाने के लिए जरूरी सामग्री (Ingredients For Lotus Biscoff Cheesecake)
- 200 ग्राम लोटस बिस्कॉफ बिस्कुट
- 100 ग्राम पिघला हुआ मक्खन
- 200 ग्राम क्रीम चीज
- 100 ग्राम फ्रेश क्रीम
- 3–4 टेबलस्पून पिसी चीनी
- 4–5 टेबलस्पून बिस्कॉफ स्प्रेड
- सजाने के लिए बिस्कुट का चूरा या पूरा बिस्कुट
ऐसे बनाएं लोटस बिस्कॉफ चीजकेक (How To Make Lotus Biscoff Cheesecake)
- लोटस बिस्कॉफ चीजकेक बनाने के लिए सबसे पहले बिस्कुट को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें।
- अब पिसे हुए बिस्कुट के पाउडर में पिघला हुआ मक्खन डालकर अच्छी तरह मिला लें, जिससे मिश्रण हल्का गीला और सेट होने लायक हो जाए।
- अब एक केक टिन या किसी ग्लास बाउल में इस मिश्रण को डालकर चम्मच की मदद से अच्छी तरह दबा दें, ताकि केक का बेस तैयार हो जाए। फिर इसे 10–15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि यह सेट हो जाए।
- केक का बेस सेट होने के बाद एक अलग बाउल में क्रीम चीज, फ्रेश क्रीम, बिस्कॉफ स्प्रेड और पिसी चीनी डालकर अच्छे से फेंटकर स्मूद मिश्रण तैयार कर लें।
- अब फ्रिज से बिस्कुट वाला बेस निकालें और उसके ऊपर तैयार क्रीम का मिश्रण डालकर बराबर फैला दें।
- ऊपर से थोड़ा बिस्कॉफ स्प्रेड और बिस्कुट का चूरा डालें और चम्मच से हल्का डिजाइन बनाकर सजाएं। अब इसे कम से कम 2–3 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने दें।
- जब अच्छी तरह सेट हो जाए, तो ऊपर से बिस्कुट का चूरा या आधा बिस्कुट लगाकर दोबारा सजाएं और ठंडा-ठंडा इफ्तारी में सर्व करें।


