बनासकांठा कलक्टर के हाथों अंबाजी में ‘तिथि भोजन’ योजना का शुभारंभ
प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु लेंगे निःशुल्क प्रसाद का लाभ
पालनपुर. भारत के 51 शक्तिपीठों में हृदयस्थल माने जाने वाले श्री आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट में लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से ‘जय अम्बे तिथि भोजन’ योजना का शुभारंभ किया गया। बनासकांठा जिला कलक्टर सह ट्रस्ट के अध्यक्ष मिहिर पटेल की अध्यक्षता में इस सेवा कार्य का उद्घाटन किया गया। कलक्टर और गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धालुओं को भोजन परोसकर सेवा में भाग लिया।
योजना के पहले ही दिन दानदाताओं की उदारता से 30 करोड़ रुपए से अधिक राशि एकत्रित हुई। इसमें सबसे बड़ा 27.50 करोड़ रुपए का दान रिलायंस फाउंडेशन के अनंत अंबानी ने किया। साथ ही अहमदाबाद के एक श्रद्धालु ने 52 लाख रुपए का दान देकर सेवा-भक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
ट्रस्ट संचालित अंबिका अन्नक्षेत्र की ओर से वर्तमान में प्रतिदिन हजारों यात्रियों को निःशुल्क भोजन प्रसाद दिया जाता है। इस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु लागू की गई ‘तिथि भोजन’ योजना के तहत जो दानदाता 1.51 लाख रुपए का दान देंगे, वे आजीवन उस निश्चित तिथि के मुख्य दानदाता के रूप में दर्ज होंगे। हर वर्ष उस तिथि पर अन्नक्षेत्र में दानदाता के नाम की पट्टिका लगाई जाएगी।
पुण्यतिथि, जन्मदिन या विवाह पर जुड़ सकते हैं योजना से
कलक्टर मिहिर पटेल ने कहा कि भक्तजन पुण्यतिथि, जन्मदिन या विवाह अवसर पर इस योजना से जुड़ सकते हैं। इस अवसर पर दानदाताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया और प्रशासक कौशिक मोदी ने योजना की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, अन्नक्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 10.30 से अपराह्न 3 बजे तक और शाम 6 से रात 9.30 तक शुद्ध भोजन परोसा जाता है। मेन्यू में पूरी-सब्जी, दाल-चावल और पापड़ होते हैं। रविवार, पूर्णिमा और अष्टमी आदि विशेष दिनों पर माताजी का प्रिय प्रसाद ‘मोहनथाल’ भी परोसा जाता है। सामान्य दिनों में लगभग 6 हजार और विशेष दिनों में 8 हजार श्रद्धालु इस प्रसाद का लाभ लेते हैं।


