देवरिया में चलती ट्रेन में एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात टीटीई पर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर जीआरपी ने मामला दर्ज किया था, जिसे बाद में क्षेत्राधिकार के आधार पर देवरिया जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया। देवरिया जीआरपी अब इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है। यह घटना 15 फरवरी की है। मऊ की एक युवती मऊ रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर गोरखपुर जा रही थी। बताया गया है कि वह गलती से एसी कोच में चढ़ गई थी। आरोप है कि ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टीटी राहुल कुमार ने टिकट न होने की बात कहकर उसे अपने साथ एसी फर्स्ट क्लास कोच में ले जाकर दुष्कर्म किया। धमकी देकर किसी को कुछ नहीं बताने की हिदायत दी पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और किसी को कुछ न बताने की हिदायत देकर जाने को कहा। घटना से व्यथित युवती ने सोमवार को गोरखपुर जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर जीआरपी गोरखपुर ने आरोपी टीटीई राहुल कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना सलेमपुर और देवरिया रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के भीतर हुई थी। इसी कारण विधिक प्रक्रिया के तहत इस मामले को देवरिया जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया। देवरिया जीआरपी के थानाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने मुकदमा दर्ज की। जिसके बाद सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस रेलवे अधिकारियों से आरोपी के ड्यूटी चार्ट, कोच की सूची, यात्रियों का विवरण और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर रही है। इसके अतिरिक्त, पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है और आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


