मंदसौर जिले की गरोठ पुलिस ने शनिवार देर रात अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर बड़ी छापेमारी की। यह कार्रवाई गरोठ थाना मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर सूरजना गांव के जंगल में हुई। फैक्ट्री गांधी सागर जलाशय के बैकवाटर और खाइयों व पगडंडियों से घिरे खेत में संचालित हो रही थी। पुलिस टीम ने रात 7 बजे से लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा। सूत्रों के अनुसार, मौके पर जिले के 8 से अधिक थानों के पुलिस वाहन मौजूद थे। रात 11 बजे के आसपास मीडिया टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्रवाई स्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर ही रोक दिया। गरोठ, शामगढ़, सुवासरा, सीतामऊ, अफजलपुर, मंदसौर और भानपुरा थाने का पुलिस बल मौजूद है। दो आरोपी गिरफ्तार सूत्र बताते हैं कि यह फैक्ट्री दीपक सिकलीगर के यहां चल रही थी, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ में उसके भाई को भी गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मियों ने बताया कि आगे जाना मना है, हालांकि अंदर छापेमारी जारी रही। विस्तृत जानकारी का इंतजार अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आला अधिकारी मोबाइल पर व्यस्त बताए जा रहे हैं। जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है। खेड़ा और हिंगोइया में पहले दो फैक्ट्रियां पकड़ाईं थीं बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में एमडी ड्रग्स का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इससे पहले भी केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने गरुड़ क्षेत्र में खेड़ा और हिंगोइया जैसे इलाकों में ऐसी दो फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की थी, जहां एमडी ड्रग्स बनाई जा रही थी। धीरे-धीरे यह क्षेत्र नशे के गढ़ के रूप में उभरता जा रहा है। पुलिस की इस छापेमारी से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।


