Heart Health: दिल की बीमारियां यानी हार्ट डिजीज और स्ट्रोक आज दुनिया में मौत की सबसे बड़ी वजहों में से एक बन चुकी हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, साल 2022 में दुनियाभर में करीब 1.98 करोड़ लोगों की मौत हृदय रोगों की वजह से हुई। इनमें से लगभग 85% मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण थीं।
अब एक नई स्टडी ने इस पर एक अहम बात सामने रखी है। इस रिसर्च के अनुसार, पुरुषों में दिल की बीमारियां महिलाओं की तुलना में काफी पहले शुरू हो जाती हैं। यह अध्ययन CARDIA (Coronary Artery Risk Development in Young Adults) स्टडी पर आधारित है और इसके नतीजे Journal of American Heart Association में प्रकाशित हुए हैं।
पुरुषों को ज्यादा खतरा, वो भी कम उम्र में
स्टडी में पाया गया कि पुरुषों में 5% हृदय रोग का खतरा औसतन 7 साल पहले दिखने लगता है। आसान शब्दों में कहें तो पुरुषों में करीब 50.5 साल की उम्र तक 5% लोग दिल की बीमारी से ग्रस्त हो जाते हैं, जबकि महिलाओं में यही स्तर 57.5 साल की उम्र में पहुंचता है। सबसे ज्यादा फर्क कोरोनरी हार्ट डिजीज (CHD) में देखा गया। पुरुषों में यह बीमारी महिलाओं के मुकाबले करीब 10 साल पहले शुरू हो जाती है। हालांकि स्ट्रोक और हार्ट फेल्योर के मामलों में पुरुष और महिला दोनों में जोखिम लगभग एक जैसी उम्र में दिखा।चौंकाने वाली बात यह है कि 35 साल की उम्र से ही पुरुषों और महिलाओं के दिल की सेहत में फर्क दिखने लगता है, और यह अंतर मिड-एज तक बना रहता है।
कैसे हुई यह स्टडी?
इस रिसर्च में 5,112 लोगों को शामिल किया गया था, जिनकी उम्र शुरुआत में 18 से 30 साल के बीच थी। इन लोगों को करीब 30 साल तक फॉलो किया गया, ताकि यह समझा जा सके कि कम उम्र से दिल की बीमारी कैसे विकसित होती है। शोधकर्ताओं ने यह भी देखा कि स्मोकिंग, एक्सरसाइज और अन्य लाइफस्टाइल फैक्टर इस खतरे को कितना कम कर सकते हैं। लेकिन नतीजा यह निकला कि अच्छी जीवनशैली अपनाने के बावजूद पुरुषों में जोखिम ज्यादा बना रहता है।
दिल को सुरक्षित रखने के आसान तरीके
अच्छी बात यह है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर दिल की बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है:
धूम्रपान छोड़ें: सिगरेट और तंबाकू दिल की नसों को नुकसान पहुंचाते हैं। छोड़ते ही फायदा शुरू हो जाता है।
हेल्दी डाइट अपनाएं: फल, सब्जियां, साबुत अनाज, नट्स और ओमेगा-3 वाली मछली खाएं। ज्यादा नमक और जंक फूड से बचें।
रोज एक्सरसाइज करें: तेज चलना, योग या साइक्लिंग रोज 30-45 मिनट करें।
तनाव और नींद पर ध्यान दें: मेडिटेशन करें और रोज 7-9 घंटे की नींद लें।
हेल्थ चेकअप करवाएं: ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच जरूरी है


