छतरपुर जिले के तिलवा गांव में सोमवार को पेड़ की डाल काटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक 60 वर्षीय महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तिलवा गांव में हुआ। पीड़ितों का आरोप है कि पड़ोसी के घर की एक डाल उनके रास्ते में लटकी रहती थी, जिससे उन्हें आने-जाने में परेशानी होती थी और चोट लगने का खतरा बना रहता था। उन्होंने कई बार पड़ोसियों से डाल काटने का अनुरोध किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज जब पीड़ितों ने खुद ही पेड़ की हल्की डाल काट दी, तो पड़ोसी भड़क गए। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज
आरोप है कि कल्लू, बिहारी, गोरेलाल और मूलचंद अनुरागी नामक पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में 19 वर्षीय गोरेलाल अनुरागी और उसे बचाने पहुंची उसकी मां, 60 वर्षीय कुंवरबाई अनुरागी गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कल्लू, बिहारी, गोरेलाल और मूलचंद अनुरागी के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


