शहर में जाम ट्रैफिक विभाग की किरकिरी करा रहा है। सबसे ज्यादा हालात दिल्ली रोड के खराब हैं। उसमें भी महताब सिनेमा से लेकर रेलवे रोड चौराहा प्रमुख है। यहां तमाम कोशिश के बावजूद अतिक्रमण खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र विभागीय व नगर निगम के अमले के साथ सड़क पर उतर गए और खलबली मचा दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी को बख्शा नहीं जाएगा। सामान जब्त भी होगा। अभियान की तीन तस्वीरें देखिए… पहले एक नजर ट्रैफिक जाम पर
शहर में जाम मुसीबत बना है। शायद ही कोई ऐसा दिन जाता हो, जब लोगों को जाम के कारण भारी दिक्कतों का सामना ना करना पड़ता हो। एडीजी जोन भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी और खुद एसएसपी डा. विपिन ताडा कई बार मीटिंग में इस मुद्दे पर गंभीरता दिखा चुके हैं लेकिन हालात फिर भी नहीं सुधरे। दिल्ली रोड, माल रोड, आंतरिक घंटाघर रोड, जलीकोठी, हापुड़ अड्डा, भूमिया का पुल समेत करीब डेढ़ दर्ज ऐसे स्थान हैं, जहां जाम सिरदर्द बन चुका है। एसपी ने खुद संभाली कमान
सोमवार को एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र ने अभियान की कमान खुद संभाल ली। पहले ही दिन उन्होंने ऐसे तेवर दिखाए कि बाजारों में खलबली मच गई। महताब से उन्होंने अतिक्रमण के विरूद्ध अभियान की शुरुआत की, जिसमें नगर निगम का प्रवर्तन दल भी उनके साथ रहा। पहले दिन चेतावनी व चालान की कार्रवाई हुई। साफ कर दिया गया कि अब एक्शन सख्त होगा। नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों जब्त
अतिक्रमण के विरूद्ध अभियान में एसपी ट्रैफिक का फोकस दुकान के बाहर रखे गए सामान व सड़क पर खड़े वाहनों पर रहा। उन्होंने पहले दिन का हवाला देकर चेतावनी देते हुए सामान हटा दिया। लेकिन सड़क किनारे कई कई दिन से खड़ी गाड़ियों को उन्होंने नहीं बख्शा। क्रेन मंगाकर इन गाड़ियों को पुलिस लाइन भिजवा दिया गया। कई जगह नोकझोंक तक हुई लेकिन एसपी ने किसी का दबाव नहीं माना। अमले के गुजरते ही फिर कब्जा
आमतौर पर अभियान के दौरान किसी भी रूट पर ट्रैफिक पुलिस एक ही राउंड मारती है लेकिन एसपी ट्रैफिक ने एक ही रूट पर दो राउंड मारकर सभी को चौका दिया। अमले के जाते ही अतिक्रमण करने वालों पर वह बरस पड़े। जलीकोठी समेत कई जगह उन्होंने सामान भी जब्त कराकर नगर निगम के यार्ड में भिजवा दिया। लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि अभी तक चेतावनी देकर लोगों को समझाने का प्रयास हो रहा था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब एक्शन होगा। मंगलवार से नगर निगम की ट्रैक्टर ट्रॉली साथ रहेगी। जहां भी अतिक्रमण मिला, वहां सामान भरकर चालान की कार्रवाई की जाएगी।


