खत्म हो जाएगा पाकिस्तान क्रिकेट! न होगी सीरीज, PSL पर लगेगा बैन, भारत से खेलने से मना करना PCB को पड़ेगा भारी

खत्म हो जाएगा पाकिस्तान क्रिकेट! न होगी सीरीज, PSL पर लगेगा बैन, भारत से खेलने से मना करना PCB को पड़ेगा भारी

India vs Pakistan, T20 World Cup 2026: पाकिस्तानी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इंकार कर दिया है। दोनों देशों के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तानी सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दी है।

पाकिस्तान सरकार के बयान में इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।”

पाकिस्तान को होगा भारी नुकसान

पाकिस्तान को इससे भारी नुकसान होगा। आईसीसी नियमों के तहत जो टीम वॉकओवर करती है उसे अंक नहीं मिलते। साथ ही नेट रनरेट भी नकारात्मक असर पड़ता है। इसके अलावा आईसीसी पाकिस्तान पर आगे चलकर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी कर सकता है। इन संभावित प्रतिबंधों में पाकिस्तान की सभी द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ का निलंबन, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के लिए विदेशी खिलाड़ियों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) देने से इनकार और एशिया कप से बाहर किया जाना शामिल है।

आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया

गौरतलब है कि यह पूरा विवाद बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद शुरू हुआ। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने विश्व कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, लेकिन इस मांग को आईसीसी ने नहीं स्वीकारा। इसके बाद बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया। उसके स्थान पर ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। पाकिस्तान ने आईसीसी बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश का समर्थन किया था और बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी।

मोहसिन नकवी ने दिया था यह बयान

इस हफ्ते की शुरुआत में, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी, और तभी उन्होंने घोषणा की थी कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी को लिया जाएगा। हालांकि, अंतिम फैसला एक दिन पहले ही सुना दिया गया, जिससे अब इस टूर्नामेंट में एक नई समस्या सामने आ गई है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मैच से काफी रेवेन्यू आता है। पाकिस्तान ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की जर्सी लॉन्च को भी टाल दिया था। उस वक्त यह समझा गया था कि जर्सी लॉन्च का इवेंट टीम की आगामी टूर्नामेंट में भागीदारी पर फैसला आने के बाद होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *