रामपुर जिले में कड़ाके की ठंड का असर जारी है। शनिवार सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता (विजुअलिटी) काफी कम हो गई। कई स्थानों पर सामने की चीजें भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं। घने कोहरे के कारण सुबह अपने निजी और जरूरी कामों से बाहर निकले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पैदल चलने वालों के साथ-साथ ई-रिक्शा चालकों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन में दिक्कतें आईं। कई स्थानों पर वाहन बेहद धीमी गति से चलते देखे गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दिनों हुई बूंदाबांदी के कारण ठंड में और वृद्धि हुई है। नमी के चलते ठिठुरन बनी हुई है और सुबह के समय सर्द हवाओं के साथ कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बताया कि खराब मौसम और कोहरे के कारण चलना भी मुश्किल हो गया है। ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि कम दृश्यता के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है, जिसके चलते उन्हें अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। फिलहाल, रामपुर में कोहरे और ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित है और लोग मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।


