सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात अवैध निर्माण रुकवाने गई पुलिस और राजस्व टीम पर पथराव का मामला सामने आया है। जिसमें लेखपाल सहित पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव के दौरान सरकारी वाहन के शीशे भी टूट गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात को काबू में करने के बाद उप जिलाधिकारी सिधौली राखी वर्मा और क्षेत्राधिकारी सिधौली मोहन कपूर कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि राजस्व व पुलिस टीम ग्राम पंचायत सिंहपुर में स्थित जीसस मिशन स्कूल में हो रहे कथित अवैध निर्माण को रुकवाने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करना चाहा, आरोप है कि स्कूल प्रबंधन और उनके समर्थकों ने बवाल शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस व राजस्व टीम पर जान से मारने की नीयत से पथराव शुरू कर दिया गया। इस हमले में लेखपाल और पुलिसकर्मियों को चोटें आईं, जबकि सरकारी गाड़ी को भी क्षति पहुंची। बताया जा रहा है कि विजयलक्ष्मी नगर निवासी सत्य प्रकाश ने बीते बुधवार को उप जिलाधिकारी सिधौली को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि जीसस मिशन स्कूल प्रबंधन उनकी जमीन गाटा संख्या 9 पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर रहा है। शिकायत पर लेखपाल को मौके पर भेजा गया था, जहां पहले भी विवाद और मारपीट की स्थिति बन चुकी थी। बताया जाता है बीती रात फिर से अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर राजस्व और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान यह हिंसक घटना हुई। लेखपाल जितेंद्र सिंह की तहरीर पर सिधौली कोतवाली पुलिस ने स्कूल प्रबंधक सरवन, विल्सन, प्रधानाचार्य नाओमी सहित तीन नामजद और करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


