दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे, ठंड और बढ़ेगी

शनिवार सुबह से ठंडी हवा ने तेजी से पारा गिराया। दिन भर ठंड रही। इस कारण दिन अधिकतम तापमान सामान्य से डिग्री कम ही रहा। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। शनिवार को दिन भर बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी चलती रही। इसके साथ बर्फीली हवा के असर से लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था, जिससे लोगों को भीगने की उम्मीद थी, लेकिन बादल बिना बरसे ही निकल गए। हालांकि, सर्द हवाओं के चलने से ठिठुरन बनी हुई है। सुबह से आसमान में घने बादलों का डेरा रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप तो खिली, लेकिन उसकी तपिश गायब थी। यही कारण रहा कि दिन के तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे रात का पारा 11.5 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि पिछले 24 घंटों में हवा में नमी (आर्द्रता) में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय: नमी 75% व शाम के समय 62% दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। हवा में नमी और गिरते तापमान के कारण सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। आने वाले 2-3 दिनों में उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण रात के तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है। अगले कुछ दिनों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *