फरीदाबाद जिले के गांव पाखल स्थित प्लाईवुड बनाने वाली ड्रीम प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो मजदूर अब तक लापता बताए जा रहे हैं। कंपनी के ठेकेदार मोहम्मद कासिम ने बताया कि हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 5 से 6 मजदूर सो रहे थे। तड़के अचानक आग भड़क उठी और तेज लपटों और धमाके जैसी आवाज सुनाई देने लगी। आग लगते ही फैक्ट्री के अंदर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान तीन मजदूर किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन अंदर रखा सामान निकालने के प्रयास में अलीम नामक मजदूर आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। 4-5 दिन पहले ही काम करने आए थे यूपी के लोग ठेकेदार के अनुसार, फाजिल और उसके साथ एक अन्य मजदूर का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। दोनों मजदूरों की तलाश जारी है। घायल मजदूर अलीम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मोहम्मद कासिम ने बताया कि सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के गांव मुबारकपुर, जिला संभल के रहने वाले हैं। ये सभी मजदूर दिल्ली के जाफराबाद क्षेत्र में रहते हैं और पिछले 4-5 दिनों से फरीदाबाद के गांव पाखल स्थित इस फैक्ट्री में काम करने आए थे। शुक्रवार तड़के किसी कारणवश फैक्ट्री में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। 6 घंटे बाद आग पर काबू पाया जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे फैक्ट्री से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धौंज थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, प्लाईवुड और महंगी मशीनरी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। धौंज थाना प्रभारी दर्पण ने बताया कि फैक्ट्री मालिक की तलाश की जा रही है, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें लापता मजदूरों की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा।


