सोनीपत में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला:अवैध कट और अतिक्रमण पर FIR के आदेश; NHAI व पुलिस को दिए एडीसी के स्पष्ट निर्देश

सोनीपत में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला:अवैध कट और अतिक्रमण पर FIR के आदेश; NHAI व पुलिस को दिए एडीसी के स्पष्ट निर्देश

सोनीपत जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एडीसी लक्षित सरीन की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट, अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और अवैध कॉलोनियों को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। एडीसी ने नियमों की अनदेखी करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
एनएच-44 पर अवैध कटों के खिलाफ सख्ती
एडीसी लक्षित सरीन ने एनएच-44 पर पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा बनाए गए अवैध कटों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
एनएचएआई को साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
एडीसी ने एनएचएआई अधिकारियों को एनएच-44 की सर्विस रोड पर अवैध रूप से चल रही टायर व पंचर की दुकानों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे ड्रेनों की नियमित सफाई और जिले के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को कूड़ा-करकट मुक्त रखने पर जोर दिया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक
शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केएमपी टोल प्लाजा पर जाम की समस्या उठी
बैठक में एचएसआईआईडीसी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि केएमपी टोल प्लाजा पर 10 लेन होने के बावजूद केवल 4 लेन संचालित हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। सभी लेनों को शीघ्र चालू करने के आदेश दिए गए।
ट्रैफिक जाम और चालानों की समीक्षा
एडीसी ने पुलिस विभाग के साथ जिले में लगने वाले ट्रैफिक जाम पर चर्चा की और दिसंबर माह में किए गए चालानों की रिपोर्ट की समीक्षा की। सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत दिसंबर में 21 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से 6 बसों के चालान किए गए।
डीटीपी की मासिक बैठक में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई
एडीसी लक्षित सरीन की अध्यक्षता में डीटीपी की मासिक बैठक भी आयोजित की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में पनप रही अवैध कॉलोनियों को शुरुआती चरण में ही ध्वस्त किया जाए और दोबारा निर्माण करने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाए।
अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण की रिपोर्ट
डीटीपी अजमेर सिंह ने बताया कि जनवरी माह में 6 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। इसके अलावा 8 शिकायतें हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो को भेजी गई हैं। दोषियों को 53 हजार 550 रुपये के नोटिस भी जारी किए गए हैं।
बैठकों में एसडीएम सुभाष चंद्र, एसडीएम निर्मल नागर, एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान, सीटीएम डॉ. अनमोल, डीटीपी अजमेर सिंह, डीटीपी नीलम शर्मा सहित पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *