उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र स्थित बाग बादशाही किले में 26 जनवरी की शाम दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। इस घटना में सरदार सेना के राष्ट्रीय प्रचारक जगदीश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभासद समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर दी है। घायल जगदीश्वर के पिता वीरेंद्र कुमार वर्मा, निवासी सैमसी, ने पहले थाना पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह से शिकायत की थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने बिंदकी नगर पालिका के महाजनी वार्ड के सभासद सूर्या सोनकर और उनके कई साथियों के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वीरेंद्र कुमार वर्मा ने एसपी को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया था कि 26 जनवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके पुत्र जगदीश्वर खजुहा स्थित बागबादशाही राष्ट्रीय मार्ग के पास घूमने गए थे। वहां गार्ड रूम में कुछ लोग शराब और सिगरेट पी रहे थे। राष्ट्रीय पर्व के दिन इस कृत्य का विरोध करने पर मौजूद लोगों ने युवक के सिर से तिरंगे की टोपी खींचकर जमीन पर फेंक दी और राष्ट्रध्वज का अपमान किया। विरोध करने पर सूर्या सोनकर सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जगदीश्वर को बुरी तरह पीटा। उन्होंने गर्दन और सिर पर हमला किया तथा तमंचा व रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में युवक बेहोश हो गया, जिसे मृत समझकर आरोपी फरार हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से किले की देखरेख करने वाले एक संविदा सफाईकर्मी ने भी अपनी पत्नी के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्रा ने बताया कि वीरेंद्र वर्मा की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष के प्रार्थना पत्र की जांच की जा रही है। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पुलिस चौकी पहुंचाया,जहां आरोप है कि दबाव बनाकर समझौते का प्रयास किया गया था।पीड़ित का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। पिता ने मामले में एसपी से राष्ट्रध्वज अपमान,सामूहिक मारपीट और अवैध हथियारों के प्रयोग सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग किया था।


