कैथल जिले में कुरुक्षेत्र रोड पर नेशनल हाईवे 152 के पास एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। मृतक देवराज की पोती चाहत की पांच फरवरी को शादी होनी थी। परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। अचानक से हुई इस घटना के बाद परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गई। बेटी की शादी को लेकर लड़के को देखना, शादी की मंजूरी देना और परिवार को तैयारियों में लगाना, सब दादा देवराज की देखरेख में हो रहा था। किसी को जरा भी अनुमान नहीं था कि अचानक से यह हादसा हो जाएगा, जो परिवार की खुशियां छीन लेगा। देर शाम को परिजनों ने मृतक देवराज, उनकी धर्मपत्नी उषा और बेटे सचिन को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मृतक दंपत्ति का परिवार शहर की बड़ी सामाजिक संस्था अग्रवाल युवा सभा से जुड़ा हुआ है। मृतक चिरंजीव कॉलोनी के 74 वर्षीय देवराज, उसकी पत्नी 72 वर्षीय उषा के बेटे राजीव गर्ग संस्था के पूर्व महासचिव रहे हैं। वर्ष 2019 में उनका संस्था में यह कार्यकाल रहा। संस्था के साथ जिले के अग्रवाल समाज के हजारों की संख्या में लोग जुड़े हुए हैं, जो समाज के हित में सेवा कार्य करती रहती है। कुरुक्षेत्र रोड पर हुआ हादसा बता दें कि कुरुक्षेत्र रोड पर नेशनल हाईवे 152 के पास एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में चिरंजीव कॉलोनी के 74 वर्षीय देवराज, उसकी पत्नी 72 वर्षीय उषा व 45 वर्षीय बेटा सचिन शामिल हैं। वैगनआर कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से अमन नामक युवक को चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। खिड़कियों को तोड़कर मृतकों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। पशु के कारण हादसा हुआ वे शाहाबाद से कैथल की ओर आ रहे थे। जैसे ही नेशनल हाईवे 152 के नजदीक पहुंचे तो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई। हादसे का कारण कारण बेसहारा पशु बताया जा रहा। उसी को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और सामने खड़े सफेदे के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सदर थाना एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि मामले में पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।


