छिंदवाड़ा में काली फिल्म लगी गाड़ियों को लेकर अब यातायात विभाग एक्शन मोड में आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान काली फिल्म लगी गाड़ियों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है और मौके पर ही काली फिल्म हटाई जा रही है। राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए चलाया जा रहा अभियान पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय पर्व और शहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। अब तक 40 गाड़ियां पकड़ी गईं यातायात निरीक्षक राकेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि काली फिल्म के खिलाफ चल रही कार्रवाई में अब तक 40 गाड़ियों को पकड़ा जा चुका है, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई है। अब तक विभाग को 20 हजार रुपए चालान के रूप में वसूले गए हैं। तेज आवाज वाले साइलेंसर पर भी नजर यातायात विभाग द्वारा काली फिल्म के साथ-साथ तेज आवाज वाले साइलेंसर वाली गाड़ियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग चौराहों पर टीमें तैनात कर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।


