भास्कर न्यूज | जालंधर धोगड़ी रोड पर हुए खूनी हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद हमलावरों की पहचान पुख्ता हो गई है। बता दें, धोगड़ी रोड पर वनीत नामक युवक के घर में घुसकर हमला करने वाले बदमाशों का एक वीडियो पुलिस के हाथ लगा है। इस फुटेज में आरोपी पिस्तौल और तेजधार हथियार लहराते हुए घर में दाखिल होते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वनीत के परिवार के बयानों के आधार पर गौरव, सौरभ, अनीश, जसविंदर और पूजा सहित दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। चौकी जंडू सिंघा के इंचार्ज कुलदीप मेहता ने बताया कि नामजद आरोपी अपने घरों से फरार हैं। पुलिस की टीमों ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी है और आरोपियों के पारिवारिक सदस्यों पर उन्हें सरेंडर करवाने का दबाव बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि 19 वर्षीय वनीत पर हमला करने के बाद बदमाशों ने भागते समय इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी। फिलहाल वनीत का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।


