एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में एक किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना 13 अगस्त की शाम करीब पांच बजे हुई थी। वादी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अकबरपुर कोट निवासी संजू पुत्र संतोष, गौतम, रिंकू और उदयवीर 13 अगस्त को उनके घर आए थे। आरोपियों ने घर आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई वादी की नाबालिग बेटी के साथ आरोपियों ने छेड़खानी की और उसके कपड़े फाड़ दिए। जब वादी का पुत्र बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अलीगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। थाना प्रभारी रूपेश वर्मा ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल जारी है।

