इंदौर में संकल्प से समाधान अभियान:31 मार्च तक चार चरणों में चलेगा अभियान, विधानसभावार लगेंगे शिविर

इंदौर में संकल्प से समाधान अभियान:31 मार्च तक चार चरणों में चलेगा अभियान, विधानसभावार लगेंगे शिविर

सीएम डॉ.मोहन यादव के निर्देश के बाद शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संकल्प से समाधान अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के सभी विधानसभा में एक वार्डों में शिविर आयोजित कर भारत सरकार और राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा लक्ष्य आधारित योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि शासन निर्देशानुसार यह अभियान चार चरणों में संचालित किया जाएगा। पहला चरण 12 जनवरी से 15 फरवरी, दूसरा चरण 16 फरवरी से 16 मार्च, तीसरा चरण 16 मार्च से 25 मार्च और चौथा एवं अंतिम चरण 26 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। इसी क्रम में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने 15 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक विधानसभावार आयोजित होने वाले “संकल्प से समाधान अभियान” के शिविरों की तैयारियों के संबंध में सिटी बस ऑफिस में समीक्षा की। 85 वार्डों में लगेंगे शिविर निगम आयुक्त ने बताया कि सुशासन एवं स्वराज हेतु प्रतिबद्ध विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य के अंतर्गत नगर पालिक निगम इंदौर ने इस विशेष अभियान का आयोजन किया है। अभियान के पहले चरण में 15 जनवरी से 10 फरवरी तक प्रत्येक विधानसभा वार वार्ड स्तरीय समितियों का गठन कर नगर निगम के समस्त 85 वार्डों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें हितग्राहीमूलक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं जैसे विभिन्न पेंशन योजनाएं, पीएम स्वनिधि योजना, अविवादित संपत्तियों के नामांतरण, भवन अनुज्ञा प्रमाण-पत्र सहित लगभग 13 सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छ एवं शुद्ध जल प्रदाय सुनिश्चित करने के लिए जल सुनवाई के माध्यम से जल संबंधी समस्याओं के आवेदन प्राप्त कर उनका समाधान किया जाएगा। निगम आयुक्त ने बताया कि अभियान के दूसरे, तीसरे और चौथे चरणों में प्राप्त समस्त आवेदनों का निराकरण करते हुए हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वार्ड स्तरीय शिविरों में नोडल अधिकारी, उप यंत्री (जनकार्य एवं पीएचई), बिल कलेक्टर, स्वास्थ्य एवं उद्यान दरोगा, सामुदायिक संगठक, झोन प्रभारी, वार्ड प्रभारी, वार्ड सहायक, कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य संबंधित स्टाफ की उपस्थिति में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। निगम के प्रत्येक जोन अंतर्गत वार्डों में आयोजित होने वाले ये शिविर विधानसभा/जोन /वार्ड अनुसार सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *