गोरखपुर के कान्हा उपवन में गोवंश की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रामगढ़ताल पुलिस ने कान्हा उपवन के संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नगर निगम की जांच में सामने आया कि गोवंश की देखभाल, साफ-सफाई और चारे की व्यवस्था में गंभीर लापरवाही की गई थी। यह मामला उस समय सामने आया जब सोमवार को गोवंश की मौत से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और तुरंत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पाया गया कि कान्हा उपवन में सफाई ठीक नहीं थी, चारे की व्यवस्था कमजोर थी और निगरानी में भी लापरवाही बरती जा रही थी।
इन खामियों को देखते हुए पशु कल्याण अधिकारी डॉ. रॉबिन चंद्रा ने रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर कान्हा उपवन के संचालक राजकुमार नायक और तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआ दर्ज की गई।
जेल भेजे गए आरोपी पुलिस के अनुसार, सभी की भूमिका गोवंश की देखभाल में लापरवाही से जुड़ी पाई गई है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना के बाद नगर निगम ने कान्हा उपवन की व्यवस्थाएं सुधारने का काम तेज कर दिया है। निगम की टीमें लगातार गौशाला में सफाई अभियान चला रही हैं। परिसर और आसपास जमा कचरे को हटाया जा रहा है ताकि किसी तरह का संक्रमण या बीमारी न फैले।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल सभी गोवंश सुरक्षित हैं और उनकी देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अब पढ़िए क्या था पुराना मामला… गोरखपुर शहर में सोमवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें कई गायें मृत अवस्था में दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो को महेवा स्थित कान्हा उपवन का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, महेवा इलाके में स्थित कान्हा उपवन में बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश को रखा गया है। वायरल वीडियो को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि कड़ाके की ठंड के कारण कई गायों की मौत हो गई है। वीडियो में करीब 10 गायें मृत दिखाई दे रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। लोग गोवंश की देखभाल और सुरक्षा को लेकर नगर निगम की जिम्मेदारी पर सवाल उठाने लगे। वीडियो के वायरल होते ही नगर निगम महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
नगर निगम अधिकारियों ने साफ किया है कि वायरल वीडियो कान्हा उपवन का नहीं है। उनका कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहा स्थान और वहां की स्थिति कान्हा उपवन से मेल नहीं खाती।
नगर निगम का यह भी कहना है कि फिर भी एहतियात के तौर पर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो कहां का है और गोवंश की मौत किन कारणों से हुई है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।


