डेढ़ माह पहले शहर के तिलकगंज क्षेत्र में युवक की सरेराह पीट-पीटकर हत्या के मामले में कोतवाली थाना पुलिस पर आरोपियों को बचाने के आरोप लग रहे हैं। इस संबंध में मृतक की मां ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों से कराने और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों के नाम एफआईआर में जोड़ने की मांग की है। बंडा क्षेत्र के उल्दन गांव निवासी रमा चौबे पत्नी कुंजबिहारी चौबे ने एसपी से की शिकायत में बताया कि उनके बेटे सुशील चौबे के साथ तिलकगंज क्षेत्र में 25 नवंबर की रात करीब एक दर्जन लोगों की भीड़ ने बेरहमी से मारपीट की थी। मारपीट में आई चोटों से सुशील की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला का दावा है, बेटे सुशील ने मरने के पहले आरोपियों के नाम उन्हें बताए थे। उसका कहना था कि आरोपी कई दिनों से उसकी रैकी कर रहे थे। कोतवाली थाना पुलिस को बताया था कि हत्या के मामले में देवेश नाम के युवक का मुख्य रोल है, लेकिन पुलिस आरोपी का नाम एफआईआर में नहीं जोड़ रही है। महिला का आरोप है कि पुलिस ने मारपीट वाली जगह के महज 2 सीसीटीवी फुटेज निकाले, जिसमें एक वह वीडियो था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।


