गाजियाबाद महिला थाना के बाहर मारपीट:पति-पत्नी विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट, वीडियो वायरल

गाजियाबाद में महिला थाना के बाहर पति-पत्नी के विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। काउंसलिंग के बाद हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना थाना सिहानी गेट क्षेत्र के लोहिया नगर चौकी के पास स्थित महिला थाना परिसर के बाहर हुई। ग्राम चुड़ैयाला निवासी जाहिद सैफी अपनी पत्नी इशरत जहां और दोनों पक्षों के परिजनों के साथ महिला थाना में काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके समाधान के लिए काउंसलिंग कराई जा रही थी। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की बात सुनी गई और अगली तारीख तय की गई। काउंसलिंग समाप्त होने के बाद जब दोनों पक्ष थाना परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी शादी में दिए गए वाहन को वापस लेने को लेकर उनमें बहस शुरू हो गई। यह बहस जल्द ही झगड़े में बदल गई। आरोप है कि महिला पक्ष के परिजनों की संख्या अधिक थी, जिसके चलते उन्होंने लड़के पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हंगामे की सूचना पर महिला थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को समझाकर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हालात को देखते हुए, महिला पक्ष को पहले वहां से भेज दिया गया। कुछ समय बाद जब लड़का पक्ष महिला थाना परिसर से बाहर निकला, तो महिला पक्ष के परिजनों से उनकी एक बार फिर कहासुनी हो गई। यह कहासुनी भी मारपीट में बदल गई, जिसमें लड़के पक्ष के कुछ लोग घायल हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और तहरीर मिलने के बाद जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *