ग्वालियर में सीजन की सबसे ठंडी गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात पुलिस का सख्त एक्शन देखने को मिला। हाड़ कंपा देने वाली ठंड और घने कोहरे के बीच ग्वालियर पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त कर 264 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 334 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों को उनके घर पहुंचकर चेक किया गया। बीती रात तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था। इसके बावजूद पुलिस की 50 से अधिक टीमें रात 11 बजे से शहर और देहात क्षेत्रों में एक साथ कॉम्बिंग गश्त पर निकलीं। इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसना था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर यह विशेष गश्त कराई गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर शहर (पूर्व) विदिता डागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर, एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने थाना प्रभारियों और बल के साथ मैदान में उतरे। कॉम्बिंग गश्त से पहले पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्र कर अधिकारियों ने ब्रीफिंग दी, इसके बाद टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों सहित शहर और देहात में रवाना किया गया। रात 1 बजे खुद मैदान में उतरे एसएसपी रात करीब 1 बजे एसएसपी धर्मवीर सिंह ने स्वयं शहर में गश्त कर अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस कप्तान के सड़क पर उतरते ही निचला अमला पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया और रातभर बदमाशों की धरपकड़ चलती रही। नकाबपोश वाहन चालकों पर खास नजर कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने पैदल गश्त करते हुए फरार बदमाशों, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर आरोपियों के घरों पर चेकिंग की। साथ ही बैंक एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों की भी तलाशी ली गई। संदिग्ध वाहनों और मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की विशेष जांच की गई। एक रात में 264 वारंटी गिरफ्तार पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले में 135 स्थायी वारंट और 129 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए। इसके अलावा 166 गुंडों और 168 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया गया। कार्रवाई के दौरान थाना थाटीपुर, भितरवार और गिजौर्रा में अवैध शराब के एक-एक प्रकरण, थाना घाटीगांव में अवैध हथियार का एक प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं सिरोल और बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में सट्टे के एक-एक मामले दर्ज किए गए। धारा 107/116 जाफौ के तहत चार प्रकरणों में 20 लोगों पर कार्रवाई की गई, जबकि आठ अन्य प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियां भी की गईं। रिकॉर्ड अपडेट, बदमाशों पर शिकंजा कॉम्बिंग गश्त के दौरान कई सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और गुंडों व हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड अपडेट किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में डर पैदा करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


