सिरसा में अवैध निर्माण पर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की ओर से पीला पंजा चला दिया गया। डीटीपी ने ये कार्रवाई गांव खैरपुर के राजस्व क्षेत्र में, कंगनपुर रेलवे फाटक के पास हो रहे अवैध निर्माण पर की है। पिछले कुछ दिनों से अवैध तरीके से खाली जमीन पर नींव भरने का काम चल रहा था और बेसमेंट तैयार हो रही थी। इसकी सूचना विभाग को मिली थी। ऐसे में विभाग की टीम जेसीबी लेकर पहुंची और उसे ढहा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया। जिला नगर योजनाकार ने कर्मवीर झाझड़िया ने बताया कि इस दौरान करीब डेढ़ एकड़ एरिया में अवैध निर्माण ढहाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में अवैध कॉलोनियों को नहीं पनपने दिया जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अपने जीवन की कमाई को अवैध निर्माण या कॉलोनी में निवेश न करें। जिला प्रशासन द्वारा नियमित अंतराल पर अवैध निर्माण/कॉलोनी को गिराने का अभियान चलाया जाता है। इस अभियान में जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे। भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही कॉलोनियां डीटीपी कर्मवीर झाझड़िया ने बताया, नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जीवन की पूंजी अवैध निर्माणों या डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें, क्योंकि इस तरह की विभागीय कार्यवाही समय-समय पर प्रशासन द्वारा अमल में लाई जाएगी। नागरिक अपनी पूंजी को निवेश करने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ भी कर सकते हैं ।


