संतकबीरनगर में एक सवारी गाड़ी से महिला का बैग बदल गया, जिसमें नकदी और जेवर रखे थे। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी व्यक्ति कैद हो गया है। गोरखपुर के विकास नगर कॉलोनी बरगदवा की अर्पिता श्रीवास्तव अपने चार वर्षीय बेटे के साथ लखनऊ से अर्टिगा सवारी गाड़ी से यात्रा कर रही थीं। ड्राइवर ने उनका ट्रॉली बैग गाड़ी की डिग्गी में रखवाया था। जब गाड़ी खलीलाबाद पहुंची, तो ओवरब्रिज सरयू नहर के पास दो यात्री उतरे, तो ड्राइवर ने उनका बैग छोड़कर अर्पिता का ट्रॉली बैग दे दिया। महिला ने जब ड्राइवर से अपना बैग मांगा, तो उसे दूसरा बैग दिखाया गया। इस पर दोनों के बीच बहस हुई। अर्पिता ने बताया कि उनके बैग में 20,000 रुपये नकद, 90,000 रुपये का सोने का लॉकेट और अन्य सामान था। ड्राइवर ने दूसरे व्यक्ति को वह बैग दे दिया था जो गाड़ी में रह गया था। कीमती सामान गायब होने के बाद अर्पिता ने खलीलाबाद कोतवाली में तहरीर दी। ड्राइवर ने उस सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जहां उसने गाड़ी में गैस भरवाई थी। आरोपी व्यक्ति की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल की गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।


