पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र के मच्छरौली गांव में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने पूर्व विधायक रविंद्र मछरौली के फार्म हाउस का दौरा किया। इस दौरान पूर्व विधायक ने बुके देकर मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मंत्री के समक्ष ग्रामीणों ने लड़कियों के लिए कॉलेज खोलने और विभिन्न स्थानों पर आईटीआई संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। जयंत चौधरी ने ग्रामीणों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। पुल पर बस सेवा शुरू करने की मांग आट्टा, जौरासी और बिलासपुर गांवों के निवासियों ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच बने पुल पर बस सेवा शुरू करने की मांग की, ताकि दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम हो सके। मनरेगा का नाम बदलेगा, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ मीडियाकर्मियों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बताया कि मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘आजीविका मिशन जी राम जी’ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस नई योजना का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। खेती के सीजन में मजदूरों की कमी के कारण किसानों को नुकसान झेलना पड़ता है। नई योजना के तहत राज्य सरकारों को फसल कटाई के सीजन में दो महीने के लिए इसे बंद करने की छूट दी गई है, जिससे किसानों और श्रमिकों दोनों को लाभ होगा। 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन की रोजगार गारंटी मंत्री ने बताया कि पहले मनरेगा के तहत केवल औपचारिकताएं पूरी की जाती थीं और ग्रामीणों को इसका वास्तविक लाभ नहीं मिल पाता था। अब इस योजना को सीधे किसानों से जोड़ा गया है। पहले जहां 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन पर चिंता जयंत चौधरी ने हरियाणा में गिरते भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके। राजनीतिक कयासों पर दी सफाई पूर्व विधायक रविंद्र मछरौली के फार्म हाउस पर पहुंचने को लेकर लगाए जा रहे राजनीतिक कयासों पर मंत्री ने कहा कि यह केवल एक सामाजिक भेंट थी। उन्होंने बताया कि रविंद्र मछरौली उनके पुराने मित्र हैं और यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद इस अवसर पर रोकी मित्तल, जयपाल सरपंच, सचिन अग्रवाल, सुनील शर्मा, अमजद मजीदी, अजीत आट्टा, सुरेश मलिक, प्रदीप राठी, राजेंद्र शर्मा, कुलदीप आट्टा, पूर्व सरपंच कुल्ला, कपिल शर्मा देहरा, मन्नू छाबड़ा, जयकुमार, मोना मनान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


