घाटमपुर तहसील क्षेत्र के करीब 24 हजार किसानों की किसान सम्मान निधि की अगली किश्त रुक सकती है। समय से फॉर्मर रजिस्ट्री न कराने की वजह से ऐसा हो सकता है। इसके अलावा अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित होना पड़ सकता है। इलाके के कुल 64 हजार 199 किसानों में से 24 हजार 250 किसानों का पंजीकरण अभी बाकी है। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अविचल प्रताप सिंह ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की और पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से अगले दस दिनों के भीतर फॉर्मर रजिस्ट्री कराने की अपील भी की है। अब तक 39 हजार किसानों ने ही की रजिस्ट्री घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया शासन के निर्देशों के तहत कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो किसान अगले दस दिनों में पंजीकरण नहीं कराते हैं, वे पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। किसानों की सुविधा के लिए गांव-गांव और ब्लॉक स्तर पर कैंप भी लगाए जा रहे हैं। फॉर्मर रजिस्ट्री के तहत किसानों को अपना आधार नंबर, उससे जुड़ा मोबाइल नंबर और खतौनी जमा करनी होती है। इसके बाद उनका ऑनलाइन पंजीकरण हो जाता है। किसान स्वयं, जन सेवा केंद्र या पंचायत सहायक/किसान सहायक के माध्यम से यह पंजीकरण करा सकते हैं। अब तक 39,949 किसानों ने ही अपनी रजिस्ट्री पूरी की है।


