रूपनगर सीआईए स्टाफ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक ड्राइवर को 70 किलो चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुलविंदर सिंह उर्फ किंदर निवासी बहादरपुर राजोआ, हरगोविंदपुर, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चंडीगढ़-नंगल नेशनल हाईवे पर जेआर सिनेमा के पास की गई। सीआईए स्टाफ और सिटी पुलिस की टीमें पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत लगातार गश्त और नाकाबंदी कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। सीआईए स्टाफ के सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर ट्रक से करीब 70 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया। आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

