डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 6 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई डीडवाना-कुचामन पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर भूपेन्द्र शर्मा और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी सुमन बुन्देला के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार परबतसर थाना पुलिस कस्बे और आसपास के क्षेत्र में गश्त कर रही थी। किशनगढ़ रोड पर तेजा द्वार के पास बाईपास परबतसर में पुलिस टीम ने किशनगढ़ की ओर से पैदल आ रहे एक संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सेवाराम उर्फ विक्की पुत्र हरीराम, निवासी रैगर मोहल्ला, परबतसर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने नियमानुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। परबतसर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इसमें शामिल नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई गोपालराम, कॉन्स्टेबल कमलेश, गोगराज, सुरेश और देवलीलाल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल कमलेश का विशेष योगदान रहा।

