Vistadome Train Uttar Pradesh: बारिश के सुहावने मौसम में अगर आप जंगल, हरियाली और वन्यजीवों के बीच घूमना चाहते हैं, लेकिन ज्यादा बजट या लंबी छुट्टी न मिलने की वजह से प्लान नहीं बना पा रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश में चलने वाली विस्टाडोम ट्रेन आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है। इस सफर में आपको सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का अनुभव ही नहीं मिलेगा, बल्कि रास्ते में जंगल और प्रकृति की खूबसूरती को करीब से देखने का मौका भी मिलेगा। आइए जानते हैं इस ट्रेन सफारी में क्या क्या खास है।
ट्रेन से दिखेंगे खूबसूरत नजारे
उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म बोर्ड के मुताबिक विस्टाडोम ट्रेन बिछिया से मेलानी के बीच चलती है। करीब 107 किलोमीटर के इस सफर में ट्रेन तराई के जंगलों और हरियाली से भरे इलाकों से होकर गुजरती है। रास्ते में दुधवा और किशनपुर के जंगल भी आते हैं। सफर के दौरान आपको घने जंगल, खुले मैदान, पानी से भरे इलाके और खेतों के साथ गांवों के आसपास के खूबसूरत नजारे भी देखने को मिल सकते हैं।
विस्टाडोम कोच की क्या है खासियत
इस ट्रेन का विस्टाडोम कोच सफर को और खास बनाता है। इसमें दोनों तरफ बड़ी और चौड़ी खिड़कियां हैं। इसके अलावा एक तरफ व्यूइंग एरिया भी दिया गया है, जिससे यात्री सफर के दौरान बाहर के नजारे आसानी से देख सकते हैं। जंगल से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन में हिरण, नीलगाय, बंदर और मोर जैसे वन्यजीव भी नजर आ सकते हैं।
वीकेंड पर बना सकते हैं प्लान
UP Eco Tourism Board की वेबसाइट के मुताबिक बिछिया से मेलानी जाने वाली Tourist Passenger Train नंबर 52259 शनिवार और रविवार को चलती है। यह ट्रेन बिछिया स्टेशन से सुबह 11:45 बजे चलकर शाम 4:10 बजे मेलानी पहुंचती है। इस सफर में करीब 4 घंटे 25 मिनट लगते हैं। वहीं वापसी में Mailani to Bichia Tourist Passenger Train नंबर 52260 शनिवार और रविवार को सुबह 6:05 बजे मेलानी से चलती है और सुबह 10:30 बजे बिछिया पहुंचती है। दोनों तरफ की यात्रा करीब 107 किलोमीटर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पर्यटक इसका सफर 275 रुपये में कर सकते हैं।
यात्री अपनी सुविधा के हिसाब से रास्ते में दिए गए स्टेशनों से ट्रेन में चढ़ या उतर सकते हैं। हालांकि, ट्रेन घने जंगलों से होकर गुजरती है, इसलिए इस रूट पर मोबाइल नेटवर्क कमजोर हो सकता है। ऐसे में पिकअप और ड्रॉप की व्यवस्था पहले से तय करना बेहतर रहेगा।

