टीकमगढ़ में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिव धाम कुंडेश्वर में रविवार सुबह 5 बजे से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। सुबह 11 बजे तक 5 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर चुके थे। भगवान भोलेनाथ का हुआ रुद्राभिषेक मंदिर के पुजारी ने सुबह 4 बजे भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद गर्भ गृह भक्तों के लिए खोल दिया गया। श्रद्धालुओं ने ‘बम बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। गर्भ गृह शाम करीब 4 बजे तक भक्तों के लिए खुला रहेगा। इसके बाद गर्भ गृह बंद कर भगवान भोलेनाथ का आकर्षक दूल्हा रूप में श्रृंगार किया जाएगा। नगाड़ों के साथ निकलेगी भगवान की बारात शाम 6 बजे ढोल नगाड़ों के साथ भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली जाएगी। नगर भ्रमण के बाद बारात वापस मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की रस्में पूरी की जाएंगी। इसके साथ ही रात में मध्य प्रदेश संस्कृत विभाग की ओर से मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। सुभाषिनी जोशी देगीं भजन प्रस्तुति कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि इन कार्यक्रमों में साक्षी पटेरिया अपनी टीम के साथ बुंदेली लोक गायन प्रस्तुत करेंगी। लखन लाल अहिरवार और साथी कलाकार सती लीला का मंचन करेंगे, जबकि सुभाषिनी जोशी अपने साथियों के साथ भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगी। कुंडेश्वर में देर रात तक ये सांस्कृतिक कार्यक्रम चलेंगे। शिव धाम कुंडेश्वर के अलावा, टीकमगढ़ के प्राचीन नजर बाग मंदिर, महेंद्र सागर तालाब स्थित प्रतापेश्वर मंदिर, सिद्ध बाबा मंदिर, ब्राह्मण कॉलोनी स्थित जागेश्वर धाम मंदिर, सुभाष पुरम कॉलोनी स्थित गोलोक धाम मंदिर और सिविल लाइन रोड स्थित केदारनाथ शिवालय सहित जिले के सभी शिव मंदिरों में आज भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली जाएगी और रात में शिव-पार्वती विवाह महोत्सव का आयोजन होगा।


